भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने चीनी के बढ़े दाम को लेकर कहा कि चीनी के दाम बढ़ने का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है. सुभासपा इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी. आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए 1 सितंबर को प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई गई है. अरविंद राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी चीनी के बढ़े दाम के खिलाफ आंदोलन करने की चुनौती दी और कहा कि सुभासपा उनके साथ खड़ी होगी.
डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि गन्ने से चीनी बनने के बाद उसका रेट बढ़ता है और चीनी आम जनता भी खरीदती है. ऐसे में जनता को राहत मिलनी चाहिए. उन्होंने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि चीनी के बढ़े दाम को लेकर विपक्ष को सरकार के खिलाफ आंदोलन करना चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी.

अखिलेश यादव के साथ दोबारा गठबंधन की अटकलों पर अरविंद राजभर ने साफ कहा कि आंदोलन का गठबंधन से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि सुभासपा NDA के साथ रहकर PDA को चुनौती देगी.
सपा के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए अरविंद राजभर ने कहा कि चवन्नी को कमतर नहीं समझना चाहिए, क्योंकि देश की करेंसी में उसका भी महत्व रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी अर्धशतक भी नहीं लगाया था, उन्हें शतक तक पहुंचाने में इन्हीं लोगों की भूमिका रही है…
